महिला मैराथन नेतृत्व करते हुए कलेक्टर ने दिलाई मतदान की शपथ
शहडोल बुलेटिन। नागरिकों को मतदान के लिये प्रेरित करने के लिये आज शहडोल नगर में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशाल महिला मैराथन का आयोजन किया गया। महिला मैराथन को कलेक्टर कार्यालय से झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। महिला मैराथन कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर जय स्तंभ चौक, डॉ. अम्बेडक चौक, गांधी चौक, पुराना गांधी चौराहा होते हुये रेलवे स्टेशन में समाप्त हुई। विशाल महिला मैराथन में महिला पुलिस बल, महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं महिला अधिकारी, एनआरएलएम की बहुउद्देशीय कार्यकर्ता, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, महिला प्रोफसर, महाविद्यालयीन छात्रायें, एनएसएस की छात्रायें एवं बड़ी संख्या में गृहणी भी मैराथन में शामिल होकर 28 नवम्बर को मतदान करने का संदेश दिया।
मैराथन के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव द्वारा जय स्तंभ चौक में गणमान्य नागरिकों को मतदान करने की शपथ दिलाई गई, वहीं मैराथन के समाप्ति स्थल रेलवे स्टेशन में भी नागरिकों को मतदान करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मैराथन के प्रतिभागियों द्वारा ‘‘सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो’’, ‘‘नारी शक्ति का मान करें, सभी महिलायें मतदान करें’’, ‘‘पहले वोट डलेगा, फिर चूल्हा जलेगा’’, ‘‘पहले मतदान फिर जलपान’’ एवं ‘‘चला चली मतदान करी’’ के गगनभेदी नारे लगाये गये। समापन के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव ने नागरिकों को सम्बोधित करते हुये कहा कि 28 नवम्बर को मतदान है, इस दिवस को सभी मतदाता याद रखें तथा मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग करें। उन्होनें कहा कि दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्र में सभी सुविधायें मुहैया कराई जायेगीं, दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचाने के लिये भी समुचित व्यवस्थायें की जायेगीं। उन्होनें कहा कि मताधिकार भारतीय संविधान द्वारा दिया गया सबसे महत्वपूर्ण और मूल्यवान अधिकार है, इस अधिकार का उपयोग सभी मतदाताओं को करना चाहिये।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं नोडल अधिकारी स्वीप एस.कृष्ण चैतन्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश पाण्डेय, सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय डॉ. उमेश नामदेव, डिप्टी कलेक्टर सुश्री पूजा तिवारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमित तिवारी, स्वीप आईकान दिव्यांग श्रीमती मधुश्री राय सहित बड़ी संख्या में महिलायें उपस्थित रही।
अपने आसपास हो रही घटनाओं
को हमसे शेयर करें नाम गुप्त
रखा जाएगा।
अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दें।
व्हाटशाप करें 9575511705
Email:- muneer7786@gmail.com

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें