अमरकंटक में आंधी-तूफान के साथ एक घंटे से ज्यादा तेज बारिश, अनूपपुर में खिली धूप; इस साल 3.23 इंच ज्यादा बरसा पानी |
#ShahdolBulletin
अनूपपुर :- मानसून की आधिकारिक विदाई के बाद भी अनूपपुर जिले में बारिश का दौर पूरी तरह थमा नहीं है। बुधवार को पवित्र नगरी अमरकंटक में अचानक मौसम बदला और आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे से अधिक समय तक बारिश और गरज-चमक का दौर चलता रहा।
इससे पहले मंगलवार रात कोतमा में 0.55 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं बुधवार को अमरकंटक में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और कड़कड़ाहट के साथ हुई बारिश से कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित हुआ।
खास बात यह रही कि जिले के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग दिखाई दिया। जहां अमरकंटक में तेज बारिश और आंधी का दौर चला, वहीं अनूपपुर क्षेत्र में धूप खिली रही। इससे जिले में स्थानीय स्तर पर मौसम में काफी अंतर देखने को मिला।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अनूपपुर जिले में पिछले साल की तुलना में 3.23 इंच अधिक बारिश दर्ज की गई है। मानसून की विदाई घोषित होने के बाद भी हो रही बारिश ने मौसम के बदलते मिजाज को लेकर लोगों का ध्यान खींचा है।
अमरकंटक में अचानक हुई बारिश के चलते तापमान में भी बदलाव महसूस किया गया। मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच लोगों को अब भी बारिश की संभावना बनी रहने की उम्मीद है।

