मैहर गौरव दिवस पर 3,430 छात्रों ने एक साथ किया कथक; 9 मिनट 24 सेकंड की प्रस्तुति ने बनाया रिकॉर्ड!
टीम डेस्क:
📞 9425111809
मैहर बुलेटिन। मैहर गौरव दिवस के अवसर पर सोमवार को शहर के फुटबॉल ग्राउंड में कला और संस्कृति का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। यहां 3,430 छात्र-छात्राओं ने एक साथ सामूहिक कथक नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। सुबह आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों ने एक साथ ताल लय और भाव के साथ कथक की प्रस्तुति दी। सामूहिक नृत्य लगातार 9 मिनट 24 सेकंड तक चला। इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का एक साथ पारंपरिक कथक प्रस्तुत करना कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
आयोजकों के अनुसार इस विशाल सामूहिक कथक प्रस्तुति को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। रिकॉर्ड टीम ने मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों की संख्या और प्रस्तुति की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। रिकॉर्ड दर्ज होने के बाद आयोजन स्थल पर मौजूद विद्यार्थियों शिक्षकों और आयोजकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मैहर की पहचान धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में भी है। ऐसे में गौरव दिवस पर विद्यार्थियों द्वारा भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक की सामूहिक प्रस्तुति ने स्थानीय कला और संस्कृति को विशेष रूप से प्रदर्शित किया।
यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की सामूहिक प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन रहा बल्कि मैहर गौरव दिवस के कार्यक्रम में एक यादगार उपलब्धि के रूप में भी दर्ज हुआ।

