ट्रैक्टर जब्ती के विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीण विधायक भी धरने पर; वन विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल!
टीम डेस्क:
📞 9425111809
सतना बुलेटिन! मझगवां में आदिवासी किसान का ट्रैक्टर वन विभाग द्वारा जब्त किए जाने के बाद सोमवार को मामला तूल पकड़ गया। ट्रैक्टर जब्ती के विरोध में विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार सैकड़ों ग्रामीणों के साथ वन विभाग कार्यालय पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए। विधायक ने वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए किसान का ट्रैक्टर तत्काल छोड़ने की मांग की।
धरने पर पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि किसान ट्रैक्टर के जरिए अपनी रोजी-रोटी चलाता है। ट्रैक्टर जब्त होने से उसके परिवार के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग द्वारा किसान को बेवजह परेशान किया जा रहा है और कार्रवाई से पहले पूरे मामले में किसान का पक्ष भी सुना जाना चाहिए।
विधायक ने भी ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए वन विभाग के अधिकारियों से कार्रवाई का आधार स्पष्ट करने और किसान को राहत देने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण वन विभाग कार्यालय परिसर में मौजूद रहे।
वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक्टर की जब्ती नियमानुसार कार्रवाई के तहत की गई है। विभाग की ओर से जब्ती के कारण और संबंधित नियमों के आधार पर आगे की प्रक्रिया किए जाने की बात कही गई है।
ट्रैक्टर जब्ती को लेकर ग्रामीणों और वन विभाग के बीच बने विवाद के बाद अब पूरे मामले में विभागीय कार्रवाई और किसान की मांग को लेकर आगे क्या निर्णय होता है इस पर नजर बनी हुई है।

