नशे के खिलाफ सख्त एक्शन की तैयारी; नारकोटिक्स से लेकर नशीली दवाओं तक होगी निगरानी!



टीम डेस्क:

📞 9425111809

डिंडौरी बुलेटिन! जिले में नशीले पदार्थों के अवैध उपयोग भंडारण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर रत्नाकर झा की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब की उपस्थिति में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई और जनजागरूकता अभियानों की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नारकोटिक्स और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ नशीली एवं औषधीय दवाओं के दुरुपयोग और उनके अवैध विक्रय पर निगरानी बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई, भंडारण और बिक्री से जुड़े मामलों में कानून के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए नशे के अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई की स्थिति की भी समीक्षा की गई, ताकि नशीले पदार्थों की उपलब्धता और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

बैठक में यह भी जोर दिया गया कि नशे के खिलाफ केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जनजागरूकता भी जरूरी है। विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई।

अधिकारियों ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दवाओं के गलत इस्तेमाल और बिना उचित नियंत्रण के होने वाली बिक्री पर भी निगरानी को मजबूत किया जाएगा।

प्रशासन का फोकस नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में जागरूकता बढ़ाने पर रहेगा।

अगर आपके पास भी है कोई खोजी खबर तो व्हाट्सअप कीजिये 9425111809 9575511705 07652358837