सेवा सेतु अभियान का समाधान शिविर; सैकड़ों आवेदनों पर हुई कार्रवाई पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ!
टीम डेस्क:
📞 9425111809
उमरिया बुलेटिन! शासन के महत्वाकांक्षी सेवा सेतु अभियान 2026 के तहत रविवार को नगर परिषद मानपुर परिसर में एक दिवसीय समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने अपने स्टॉल लगाए जहां आमजनों की समस्याएं सुनी गईं और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में तहसीलदार मानपुर अभ्यानंद शर्मा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती रचयिता अवस्थी प्रभारी नागेंद्र पटेल एल्डरमैन रसिक खंडेलवाल राम मोल केवट पार्षद शिवराम शुक्ला एवं एल्डरमैन अमर बैगा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टॉलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आमजनों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति भी देखी।
एक ही स्थान पर मिली कई विभागों की सेवाएं!
समाधान शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर पहुंचे। शिविर के दौरान नामांतरण, बंटवारा, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल कनेक्शन, पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने पात्रता के आधार पर हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया और लंबित मामलों के निराकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर कई विभागों से संबंधित सेवाएं प्राप्त करने की सुविधा मिली।
समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर!
सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं और विभागीय सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाना है। शिविर में अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी मौके पर पूरी की गई। सेवा सेतु समाधान शिविर के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता होने पर संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करें।
एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से मानपुर के नागरिकों को काफी सुविधा मिली और कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई।
अगर आपके पास भी है कोई खोजी खबर तो व्हाट्सअप कीजिये 9425111809 9575511705 07652358837
