Header Ads Widget


 

Ticker

6/recent/ticker-posts

नवीन बस स्टैंड की व्यवस्थाएं परखने पहुंचे कलेक्टर: यात्रियों की सुविधा से लेकर फुटकर दुकानदारों तक दिए जरूरी निर्देश!

नवीन बस स्टैंड की व्यवस्थाएं परखने पहुंचे कलेक्टर: यात्रियों की सुविधा से लेकर फुटकर दुकानदारों तक दिए जरूरी निर्देश!


टीम डेस्क:

📞 9425111809

सीधी बुलेटिन! पुराने बस स्टैंड से संचालन बंद होने के बाद नवीन बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू हो गया है। ऐसे में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और बस स्टैंड परिसर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा ने नवीन बस स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यात्रियों के लिए दिशा सूचक और सूचना संबंधी साइनेज बोर्ड पर्याप्त संख्या में लगाने को कहा। इन बोर्डों पर बसों के आवागमन प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास, पार्किंग, शौचालय, पेयजल और टिकट काउंटर सहित जरूरी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को बस स्टैंड में रास्ता तलाशने या सुविधाओं की जानकारी लेने में परेशानी न हो। कलेक्टर ने फुटकर व्यापारियों और ठेला संचालकों के लिए चिन्हित स्थानों पर नियमानुसार जगह आवंटित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान मिलने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उनकी गतिविधियों से बसों के संचालन यात्रियों के आवागमन और यातायात व्यवस्था में किसी तरह की बाधा न आए।
बस स्टैंड परिसर में लगे आपातकालीन संपर्क नंबर के बोर्ड का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने बोर्ड का आकार बढ़ाकर उसे प्रमुख स्थान पर बड़े और स्पष्ट अक्षरों में लगाने के निर्देश दिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्री और आम नागरिक दूर से ही जरूरी संपर्क नंबर देख सकें।
इसके साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि नवीन बस स्टैंड की व्यवस्थाएं यात्रियों की सुविधा और सुचारु यातायात को ध्यान में रखते हुए संचालित की जानी चाहिए।

गौरतलब है कि 1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड का संचालन बंद कर दिया गया है और वहां से चलने वाली बसों का संचालन अब नवीन बस स्टैंड से किया जा रहा है। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र को अस्थायी रूप से श्रमिक चौक के रूप में उपयोग किए जाने की व्यवस्था की गई है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन नवीन बस स्टैंड की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रख रहा है ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था व्यवस्थित बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, तहसीलदार राकेश शुक्ला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी महमूद हसन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अगर आपके पास भी है कोई खोजी खबर तो व्हाट्सअप कीजिये 9425111809 9575511705 07652358837