ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर कार्य शाला संपन्न
उमरिया/पाली बुलेटिन, नगरपालिका पाली में गत दिवस ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन एसडीएम पाली दीपक चौहान के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होने कहा कि स्वास्थ्य ही उत्तम धन है । स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता अनिवार्य है। हर व्यक्ति को व्यक्तिगत साफ सफाई घर, आंगन, परिसर, मोहल्ला तथा नगर की सफाई में सहभागिता निभानी चाहिए।
एसडीएम पाली ने कहा कि बगैर लोगों में जागरूकता लाएं, स्वच्छता संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही उत्तम धन है। गंदगी से फैलने वाली बीमारियों से छुटकारा पाने हेतु स्वच्छता आवश्यक है। उन्होने नगरवासियो से अपील की कि कोई भी व्यक्ति अपशिष्ट पदार्थो को गली अथवा खुले सार्वजनिक स्थानो में नही फेके। डिस्पोजल, शेष बचे भोजन को उपयुक्त स्थान में उपयुक्त पात्र में ही भण्डारित कर नगर पालिका को सौपे। खाने या पीने में उपयोग की जाने वाली खाद्य सामग्री की पैकिंग या वितरण प्लास्टिक की थैलियो में नही किया जाना चाहिए। सामान कचरे एवं प्लास्टिक अपशिष्ट को पृथक पृथक संकलित किया जाना चाहिए जिससे उसका डिस्पोजल संभव हो सके।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी पाली आभा त्रिपाठी ने नगर को स्वच्छ रखने के लिये सभी शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, व्यापारी प्रतिष्ठानो तथा आम नागरिको से अपने घरो में तीन प्रकार के डस्टबीन उपयोग करने की आपेक्षा है। तीनों प्रकार के डस्टबीनों के रंग अलग-अलग होगें। पहले डस्टबीन मे गीला कचरा रखा जायेगा, दूसरे डस्टबीन में सूखा कचरा रखा जायेगा तथा तीसरे डस्टबीन में मेडिकल बेस्ट के कचरे को रखा जायेगा। उक्त कचरे को नगरपालिका के वाहन एकत्रित कर कचरे का निपटान करेगें।
उन्होनें कहा कि जिले को स्वच्छ और सुन्दर बनाने के लिये स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना आवश्यक है, लोगों को स्वच्छ रहने के लिये प्रेरित और प्रोत्साहित करें तथा स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करें।
इस अवसर पर तहसीलदारएम पी विराट, व्यापारी संघ के मुखिया विमल अग्रवाल, संजीव खंडेलवाल, एवं अन्य व्यापारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण, पत्रकार और अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

