ओलावृष्टि के बाद किसानों के लिये मैदान में आई गोंगपा, मुख्यमंत्री के नाम कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
कहा जल्द हो सर्वे, किसानों के नुकसान का मुआवजा दे सरकार
शहड़ोल बुलेटिन। जिले में दो दिनों पहले हुये अचानक बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की कमर टूट गई है, ओलावृष्टि के कारण जिले का ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं बचा जहां किसानों की लहलहाती फसल को नुकसान ना पहुंचा हो स्थित यह है कि अरहर , मूंग और गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है।
किसानों के ऊपर आई इस प्राकृतिक आपदा को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी नें प्रदेश के मुखिया कमलनाथ से जल्द सर्वे कराकर मुआवजा दिलानें को लेकर चेतावनी भरा ज्ञापन कमिश्नर शहड़ोल को सौंपा है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश सचिव तेज प्रताप उईके अपनें दर्जनों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संभागआयुक्त के पास ज्ञापन लेकर पहुंचे और जल्द ही इस दिशा में सरकार को काम करनें के लिये कहा।
तेजप्रताप नें मुख्यमंत्री कमलनाथ के नाम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपते हुये कहा कि शहड़ोल जिले के जयसिंहनगर, ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में बीते शनिवार व रविवार हुई अत्यधिक ओलावृष्टि के कारण महुआ, गेंहू, सोयाबीन, उड़द, मक्का , अरहर के साथ ही आम आदि की फसल नष्ट हो गई है। इस क्षेत्र की अधिकांश आबादी ग्रामीण ईलाके से आती है और इस ईलाके के रहवासियों का आर्थिक सृजन स्रोत मात्र कृषि है, परंतु प्रकृति की असमय इस आपदा के कारण किसानों की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है , और किसानों को काफी नुकसान हुआ है।आपसे निवेदन है इस आपदा में कृषकों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी रहनें वाली कांग्रेस सरकार जल्द जमीनी स्तर पर अधिकारियों को उतारे और अविलंब फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा प्रदान करें।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें