जमुना कॉलरी के रिहायशी इलाके में घुसा भालू; चांदनी चौक में मचा हड़कंप!
टीम डेस्क:
📞 9425111809
अनूपपुर बुलेटिन! जिले के कोतमा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जमुना कॉलरी के चांदनी चौक इलाके में बुधवार रात अचानक भालू दिखाई देने से लोगों में हड़कंप मच गया। रिहायशी क्षेत्र में भालू को देखकर स्थानीय लोग सतर्क हो गए और आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया।
देर रात रिहायशी इलाके में पहुंचा भालू!
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात चांदनी चौक क्षेत्र में लोगों की नजर भालू पर पड़ी। रिहायशी इलाके में वन्यजीव की मौजूदगी की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जमा होने लगी और लोग अपने घरों के आसपास सतर्क हो गए।कुछ देर इलाके में रहने के बाद भालू वापस जंगल की ओर चला गया जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।जमुना कॉलरी के आसपास जंगल का क्षेत्र होने के कारण वन्यजीवों की आवाजाही पहले भी देखने को मिलती रही है। रिहायशी इलाके में भालू के पहुंचने से स्थानीय लोगों को बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता है।
वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग!
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है ताकि दोबारा भालू या कोई अन्य वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने पर समय रहते लोगों को सतर्क किया जा सके। फिलहाल भालू के जंगल की ओर चले जाने के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हालांक कॉलरी क्षेत्र में वन्यजीव की मौजूदगी को देखते हुए लोगों से रात के समय अकेले बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
अगर आपके पास भी है कोई खोजी खबर तो व्हाट्सअप कीजिये 9425111809 9575511705 07652358837

