मां शारदा मंदिर की पहाड़ी पर फिर दिखा तेंदुआ; दीवार पर बैठा आया नजर 3 महीने से लगातार मूवमेंट; 20 कैमरों से निगरानी!
टीम डेस्क:
📞 9425111809
मैहर बुलेटिन! विश्व प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर की पहाड़ी पर एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी सामने आई है। शनिवार शाम मंदिर पहाड़ी के ऊपर तृतीय चक्र के वन मार्ग पर एक तेंदुआ दीवार पर बैठा हुआ दिखाई दिया। तेंदुए के नजर आने की जानकारी सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि मंदिर पहाड़ी क्षेत्र में पिछले करीब तीन महीने से तेंदुए की लगातार गतिविधियां देखी जा रही हैं। तेंदुए की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है और संभावित मूवमेंट वाले इलाकों की निगरानी की जा रही है।
20 कैमरा ट्रैप से रखी जा रही नजर!
वन विभाग ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मंदिर पहाड़ी और आसपास के क्षेत्र में करीब 20 कैमरा ट्रैप लगाए हैं। इन कैमरों के जरिए तेंदुए की लोकेशन उसके आने जाने के रास्तों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। इससे वन अमले को तेंदुए की लगातार निगरानी करने में मदद मिल रही है। मंदिर पहाड़ी पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रहती है, ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर वन विभाग और स्थानीय अमला सतर्क है। लोगों को तेंदुए की संभावित मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
वन विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे सुनसान और वन क्षेत्र के रास्तों पर अकेले जाने से बचें तथा तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें। फिलहाल कैमरा ट्रैप और वन अमले की निगरानी के जरिए तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अगर आपके पास भी है कोई खोजी खबर तो व्हाट्सअप कीजिये 9425111809 9575511705 07652358837

