400 मोमबत्तियां जलाईं 500 का बिल पास; शहडोल की पंचायत में खरीदी पर उठे सवाल जांच के आदेश !
टीम डेस्क:
📞 9425111809
शहडोल बुलेटिन! बुढ़ार जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत रैकोवा में मोमबत्ती खरीदी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पंचायत में 17 सितंबर को आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम के नाम पर 500 मोमबत्तियां खरीदने का दावा करते हुए 5 हजार रुपए का भुगतान किया गया है। वहीं कार्यक्रम में करीब 400 मोमबत्तियां ही जलाए जाने की बात सामने आई है। मामला सामने आने के बाद पंचायत की खरीदी और भुगतान प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। उपलब्ध बिल में 500 मोमबत्तियों की दर 10 रुपए प्रति नग दर्ज है जिसके आधार पर कुल 5 हजार रुपए का भुगतान किया गया।
मामले की जानकारी जनपद पंचायत के अधिकारियों तक पहुंचने के बाद जनपद सीईओ ने इसे गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। जांच में यह देखा जाएगा कि वास्तव में कितनी मोमबत्तियां खरीदी गई थीं, कितनी इस्तेमाल हुईं और भुगतान के लिए प्रस्तुत बिल सही है या नहीं।अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि खरीदी या भुगतान में किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मोमबत्तियों की संख्या और बिल में अंतर कैसे आया।

