वृद्धजनों के बीच पहुंचा सेवा संकल्प अभियान सम्मान; के साथ हुआ स्वास्थ्य परीक्षण विधायक ने जानी बुजुर्गों की जरूरतें!
टीम डेस्क:
📞 9425111809
सिंगरौली बुलेटिन! सेवा संकल्प अभियान के तहत बरगवां स्थित शासकीय शृंगी ऋषि वृद्धाश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम की मौजूदगी में दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान विधायक ने वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की और उनकी दिनचर्या, स्वास्थ्य, भोजन, रहने की व्यवस्था तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली। बुजुर्गों ने भी अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक राजेंद्र मेश्राम जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने वृद्धजनों को माला पहनाकर शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया।
विधायक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उनकी बेहतर देखभाल और सम्मान सुनिश्चित करना है। उन्होंने वृद्धाश्रम प्रबंधन को बुजुर्गों के लिए पौष्टिक भोजन, स्वच्छ एवं बेहतर आवास, नियमित स्वास्थ्य जांच और दैनिक जरूरतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया। इसमें बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यकता के अनुसार दवाओं का वितरण किया गया। इसके बाद विधायक एवं अधिकारियों ने वृद्धाश्रम परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधारों को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान स्वास्थ्य और बेहतर जीवन-व्यवस्था को लेकर सेवा एवं संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।

