मुक्तिधाम को मिलेगा नया स्वरूप शौचालय से लेकर पार्क शेड तक की होंगी सुविधाएं; कलेक्टर ने दिए व्यापक सुधार के निर्देश!
टीम डेस्क:
📞 9425111809
सीधी बुलेटिन! शहर के वार्ड क्रमांक 21 स्थित मुक्तिधाम को अब अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने रविवार को नगर भ्रमण के दौरान मुक्तिधाम का निरीक्षण किया और यहां आने वाले मृतकों के परिजनों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद को व्यापक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि मुक्तिधाम परिसर में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समग्र ले-आउट तैयार किया जाए। इसके लिए आर्किटेक्ट से व्यवस्थित नक्शा तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शौचालय, पार्क, बैठने के लिए शेड, लकड़ी स्टोर सहित अन्य निर्माण कार्य एक सुनियोजित तरीके से किए जा सकें।
पार्क शेड और लकड़ी के लिए बनेगा अलग स्टोर!
मुक्तिधाम परिसर में लोगों के बैठने के लिए शेड, आवश्यक स्थानों पर पार्क और दाह संस्कार में उपयोग होने वाली लकड़ी को सुरक्षित रखने के लिए अलग स्टोर रूम बनाया जाएगा। परिसर के जरूरी हिस्सों में पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे बारिश सहित अन्य मौसम में भी लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। साथ ही शौचालय की सुविधा भी विकसित की जाएगी। मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार और कर्मकांड से संबंधित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों के मोबाइल नंबर और जरूरी जानकारी प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की जाएगी। इससे बाहर से आने वाले परिजनों को जरूरत के समय संबंधित सेवा प्रदाताओं से संपर्क करने में आसानी होगी और उन्हें जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
सफाई और व्यवस्था की निगरानी के लिए कर्मचारी की तैनाती!
मुक्तिधाम की नियमित साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नगर पालिका परिषद के एक कर्मचारी की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कर्मचारी परिसर की स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करेगा, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान समाजसेवी कमल कामदार ने मुक्तिधाम के विस्तार और व्यवस्थित विकास के लिए अपनी जमीन के त्यजन पर सहमति भी व्यक्त की। वहीं कलेक्टर ने प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर शहर के व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विकास कार्यों में आवश्यक सहयोग और उपयोगी सुझाव लिए जा सकें।
पार्किंग और फुटकर व्यापारियों की व्यवस्था पर भी जोर!
नगर भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने सम्राट चौक पार्किंग स्थल और हॉस्पिटल चौक के आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। यहां फुटकर एवं ठेला व्यापारियों को व्यवस्थित करने पार्किंग व्यवस्था सुधारने यातायात सुचारु रखने के साथ प्रकाश और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश नगर पालिका को दिए गए।
सर्दियों में सड़क किनारे लगने वाले अस्थायी कपड़ा बाजार को भी व्यवस्थित करने की तैयारी है। इसके लिए गीता भवन निर्माण स्थल को अस्थायी बाजार के रूप में निर्धारित करने की कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य शहर में यातायात, पार्किंग और फुटकर व्यापार को व्यवस्थित करने के साथ नागरिकों को बेहतर और सुविधाजनक शहरी व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक, तहसीलदार राकेश शुक्ला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी महमूद हसन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अगर आपके पास भी है कोई खोजी खबर तो व्हाट्सअप कीजिये 9425111809 9575511705 07652358837
