किशोरों की सेहत और सही मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभा रहे साथिया उत्कृष्ट; कार्य करने वाले 5 साथिया सम्मानित!
टीम डेस्क:
📞 9425111809
सीधी बुलेटिन! किशोरावस्था को जीवन का बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए जिले में किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए साथिया कार्यक्रम की भूमिका को प्रमुखता दी जा रही है। इसी क्रम में रविवार को जिले में साथिया समागम कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिलेभर से साथिया मास्टर ट्रेनर परामर्शदाता आशा कार्यकर्ता और किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि किशोरावस्था में बच्चों को स्वास्थ्य से जुड़ी सही जानकारी, उचित परामर्श और समय पर मार्गदर्शन मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि साथिया किशोर किशोरियों और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रहे हैं। उनकी सक्रिय भूमिका से किशोरों तक स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान में मदद मिल रही है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 साथिया सम्मानित!
समागम के दौरान जिले में बेहतर कार्य करने वाले पांच उत्कृष्ट साथिया को कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वयं मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा कार्यक्रम में सहयोग देने वाले शिक्षकों, सरपंचों, सचिवों और अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर उनके योगदान को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि किशोर स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों, अनुभवों और जिम्मेदारियों को लेकर प्रतिभागियों के बीच संवाद और जागरूकता को बढ़ावा देना भी रहा। इस दौरान किशोर-किशोरियों तक स्वास्थ्य सेवाओं और जरूरी जानकारी बेहतर तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. दीपरानी इसरानी, नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
