Header Ads Widget


 

Ticker

6/recent/ticker-posts

कटे फटे होंठ और तालू वाले 8 बच्चों को मिलेगी नई मुस्कान; डिंडौरी में निःशुल्क जांच के बाद सर्जरी के लिए चयन!

कटे फटे होंठ और तालू वाले 8 बच्चों को मिलेगी नई मुस्कान; डिंडौरी में निःशुल्क जांच के बाद सर्जरी के लिए चयन!



टीम डेस्क:

📞 9425111809

डिंडौरी बुलेटिन। जिला चिकित्सालय में आयोजित निःशुल्क क्लेफ्ट स्क्रीनिंग शिविर जरूरतमंद बच्चों और उनके परिवारों के लिए राहत की पहल साबित हुआ। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कटे-फटे होंठ एवं तालू की समस्या से पीड़ित बच्चों की जांच की, जिसमें 8 नए बच्चों को उपचार एवं सर्जरी के लिए चयनित किया गया है।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में स्माइल ट्रेन इंडिया और जबलपुर के दुबे सर्जिकल एंड डेंटल हॉस्पिटल के विशेषज्ञों ने बच्चों का परीक्षण किया। जबलपुर से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. के.के. पटेल ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर अभिभावकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के दौरान 8 बच्चों में कटे-फटे होंठ एवं तालू से संबंधित समस्या पाई गई जिसके बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए चयनित किया गया। चयनित बच्चों को आगामी उपचार एवं सर्जरी के लिए जबलपुर भेजा जाएगा। यहां स्माइल ट्रेन इंडिया के सहयोग से बच्चों की सर्जरी और उपचार निःशुल्क कराया जाएगा।

आरबीएसके टीम ने बच्चों को पहुंचाया अस्पताल!

शिविर को सफल बनाने में जिले के विभिन्न विकासखंडों में कार्यरत आरबीएसके टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा ऐसे बच्चों को चिन्हित कर उनके परिवारों को शिविर तक पहुंचाया गया, जिससे उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और आगे के उपचार की सुविधा मिल सकी।

शिविर के दौरान बच्चों के अभिभावकों को केवल सर्जरी ही नहीं बल्कि पोषण, खान-पान, उपचार और स्पीच थेरेपी से संबंधित जरूरी जानकारी भी दी गई। कटे-फटे होंठ और तालू की समस्या से प्रभावित बच्चों के लिए समय पर विशेषज्ञ उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में निःशुल्क स्क्रीनिंग और सर्जरी की सुविधा से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी मदद मिल सकती है।

इस पहल के माध्यम से चयनित बच्चों को विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के साथ सामान्य जीवन की ओर आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

शिविर में डीपीएम विक्रम सिंह ठाकुर, आरबीएसके कोऑर्डिनेटर ओमप्रकाश उरैती, डीईआईएम कमलेश रामटेके सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। एएनएम हुलसी मरकाम और कविता पटेल समेत संबंधित कर्मचारियों ने शिविर के आयोजन में सहयोग किया।

अगर आपके पास भी है कोई खोजी खबर तो व्हाट्सअप कीजिये 9425111809 9575511705 07652358837