सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त; बोलीं कोई शिकायत अनअटेंडेंट मिली तो होगी कार्रवाई!
टीम डेस्क:
📞 9425111809
उमरिया बुलेटिन। कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन समेत विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम लोगों से जुड़ी शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए बल्कि हर शिकायत की गंभीरता से जांच कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की एक भी शिकायत अनअटेंडेंट नहीं रहनी चाहिए। विभागीय अधिकारी शिकायतों का स्वयं परीक्षण करें और निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करें। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं फोर्स क्लोज होने वाली शिकायतों को आगामी 10 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जन विश्वास अभियान को लेकर भी दिए निर्देश!
बैठक में बताया गया कि 9 अक्टूबर को मानपुर विकासखंड के पनपथा क्षेत्र का भ्रमण किया जाएगा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पनपथा में शिविर भी आयोजित होगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर से पहले क्षेत्र की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को मौके पर बेहतर समाधान मिल सके। उन्होंने भ्रमण के दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय और कमिश्नर कार्यालय शहडोल से प्राप्त शिकायतों के भी जल्द निराकरण पर जोर दिया।
नल-जल योजनाओं और स्कूलों की व्यवस्थाओं पर फोकस!
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी हो चुकी नल-जल योजनाओं का ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग के अधिकारियों को इन योजनाओं के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्कूलों में शौचालय निर्माण के लिए राज्य शिक्षा केंद्र से प्राप्त राशि से ग्राम पंचायतों के माध्यम से कार्य शुरू कराने और इसकी नियमित निगरानी करने के निर्देश डीपीसी को दिए गए। सांदीपनि विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण अतिरिक्त बस सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
