हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं जिंदगी बचाने के लिए है; सिंगरौली SP ने 75 बाइक सवारों को बांटे हेलमेट!
टीम डेस्क:
📞 9425111809
सिंगरौली बुलेटिन! सड़क हादसों में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने सोमवार को विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। चून कुमारी स्टेडियम तिराहा पर एसपी षियाज के.एम. खुद ट्रैफिक पुलिस की टीम के साथ सड़क पर पहुंचे और दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के लिए जरूरी नियमों की जानकारी दी। अभियान के दौरान करीब 75 बाइक सवारों को हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाया कि हेलमेट केवल पुलिस की कार्रवाई या चालान से बचने का साधन नहीं है बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में सिर को गंभीर चोट से बचाने वाला सबसे जरूरी सुरक्षा उपकरण है।
एसपी ने बाइक चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा ISI मानक वाला हेलमेट पहनें तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं बिना लाइसेंस वाहन न चलाएं और यातायात संकेतों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही कई बार गंभीर हादसे का कारण बन जाती है, इसलिए वाहन चलाते समय सुरक्षा को सबसे पहली प्राथमिकता देना जरूरी है।
पुलिस ने वाहन चालकों को यह भी संदेश दिया कि यातायात नियमों का उद्देश्य लोगों पर अनावश्यक कार्रवाई करना नहीं बल्कि हर व्यक्ति की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना और सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को कम करना है।
सिंगरौली पुलिस की ओर से चलाए गए इस अभियान में चेकिंग के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने संकेत दिया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर आने वाले दिनों में भी चेकिंग और जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे।

.jpg)